राजोरी में किराना की दुकान में लगी बुझाते स्थानीय लोग।
राजोरी। जिले की कोटरंका तहसील के मोहरा तकिया गांव में सोमवार की रात को शॉर्ट सर्किट से आग लगने से किराना की एक दुकान जल कर राख हो गई। जानकारी के अनुसार उक्त निवासी दुकानदार दिलीप सिंह रोज की तरह सोमवार शाम को भी दुकान बंद करके घर चला गया। कुछ समय बाद उसे किसी ने फोन करके बताया कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। दिलीप तत्काल दुकान पर पहुंचे और शटर खोल कर देखा तो पाया की दुकान में आग लगी है। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, और जब तक आग पर काबू पाते दुकान के भीतर रखा सामान जल कर राख हो चुका था। दुकानदार ने बताया कि उक्त पूरे इलाके में फायर ब्रिगेड की कोई सुविधा नहीं है। अपने स्तर पर आग बुझाना संभव नहीं होता है। इससे पहले भी कई दुकानों और घरों में लगी आग काफी नुकसान कर चुकी है, लेकिन बार-बार गुहार लगाने के बाद भी दमकल की सुविधा नहीं दी गई है। गांव के अन्य लोगों और सरपंच ने जल्द क्षेत्र में दमकल सुविधा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई ताकि ऐसे हादसे होने पर गरीब लोगों को अधिक नुकसान से बचाया जाए।