रामबन। बनिहाल के चमलवास इलाके में शनिवार सुबह जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर एक वाहन खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक यह हादसा उस वक्त पेश आया जब एक लोड कैरियर वाहन जेके 02बी 5199 जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा था। जबकि चमलवास क्षेत्र में पहुंचते ही वाहन सड़क मार्ग से लुढ़क कर 300 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आबिद हुसैन के नेतृत्व में पुलिस पार्टी एवं सेना पेट्रोलिंग पार्टी ने घटना-स्थल पर पहुंचकर वाहन चालक को निकाल कर उप-जिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत लाया घोषित कर दिया। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान जगदीश राज (40) पुत्र काली दास, निवासी रामनगर उधमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।