जम्मू। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर डलवास के पास हादसे में जम्मू विश्वविद्यालय की दो छात्राओं की मौत की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय में मातम छा गया। जिस हॉस्टल में दोनों छात्राएं रहती थीं वहां भी सहपाठी छात्राएं शोक में डूब गईं। हादसे की खबर मिलते ही शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र जीएमसी दौड़ पड़े। हादसे की सूचना मिलने के बाद वाइसचांलर प्रो. उमेश राय, छात्र अधिष्ठाता प्रो. प्रकाश अंथाल, खेल निदेशक डॉ. दाउद इकबाल समेत अन्य शिक्षकों ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
छात्र अधिष्ठाता तथा खेल निदेशक ने बताया कि दोनों ही छात्राएं विश्वविद्यालय की गौरव थीं। खेल प्रतिभा से उन्होंने जम्मू-कश्मीरका भी नाम रोशन किया था। वीसी के अनुसार दोनों छात्राओं को खोने से विश्वविद्यालय परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। दुख की इस घड़ी में पूरा परिवार इन दोनों छात्राओं के परिवार के साथ खड़ा है।
आज लेह से आएगा परिवार
हादसे में मृत छात्राओं के परिवार को लेह में सूचना भेज दी गई है। डॉ. दाउद ने बताया कि परिवार वाले सुबह फ्लाइट से जम्मू आएंगे। पोस्टमार्टम भी सुबह होगा। इसके बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया जाएगा।