दोमाना। जम्मू अखनूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोमाना में शनिवार देर रात एक लोड कैरियर ऑटो (जेके 02 सीएच 5991) को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। ऑटो में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलने पर दोमाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर ऑटो से दोनों लोगों को बाहर निकालकर जीएमसी जम्मू पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। मरने वाले की पहचान अमर कुमार (28) निवासी रेशमघर कॉलोनी, जम्मू और घायल आजाद (34) निवासी बिहार का निवासी है, जो अब नरवाल में रहता है। उसका जीएमसी में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। दोमाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।