जम्मू। ओडिशा में एक 19 वर्षीय छात्रा को नशीली दवा देकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की घटना के खिलाफ बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी ने विरोध प्रदर्शन किया। जम्मू विश्वविद्यालय में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मामले में आरोपी वहां के एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष उदित के खिलाफ जांच कर सख्त कार्यवाही की मांग की। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए संगठन के जम्मू विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष माणिक गोस्वामी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा। पार्टी से उदित को तुरंत बाहर किए जाने की मांग की। संगठन की मोमिना मंजूर ने पीड़ित को इंसाफ मिलने तक संघर्ष जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन करने वालों में जम्मू विश्वविद्यालय की एबीवीपी इकाई के अमित सडोत्रा, सचिव सोनिका सिंह आदि शामिल रहे। ब्यूरो