- आरोपी पूर्व सैनिक सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों को बना चुका है धोखाधड़ी का शिकार
- क्राइम ब्रांच जम्मू की टीम ने कठुआ के बाहरी इलाके से दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी के एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। कठुआ के हीरानगर निवासी दीपक कुमार पर कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 से 2024 तक क्राइम ब्रांच जम्मू में उसके खिलाफ चार केस दर्ज किए गए हैं।
एसएसपी संदीप मेहता ने बताया कि वह हर बार फरार हो जाता था। आरोपी को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच जम्मू की विशेष टीम गठित की गई थी, जिसका नेतृत्व इंस्पेक्टर अशोक बजाज कर रहे थे।पुख्ता सूचना पर टीम ने बुधवार आरोपी को कठुआ के बाहरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर ताजा मामला शिकायतकर्ता कुलदीप सिंह निवासी गांव डाबरी की तरफ से दर्ज करवाया गया। बताया कि आरोपी ने एमईएस विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देकर उससे 42 लाख रुपये ठग लिए। क्राइम ब्रांच ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की।
जांच में पता चला कि आरोपी दीपक एक पूर्व सैनिक है जिसने 2018 में नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद ये लोगों को ठगने लग गया। सरकारी विभागों में नौकरियां दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने लगा। जांच में पता चला कि वह आदतन ऐसा करने में शामिल है। वह अब तक कई लोगों से करीब 1.80 करोड़ रुपये ठग चुका है। एसएसपी संदीप मेहता का कहना है कि इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि आरोपी पर कई और मामले भी दर्ज हैं। संभव है कि अब गिरफ्तारी के बाद कुछ और लोग भी सामने आएं, जिनसे आरोपी ने ठगी की हो।