जम्मू। मुंबई के एक किशोर ने अपने प्रोजेक्ट ''जुल'' के माध्यम से जम्मू-कश्मीर के छात्रों को प्रेरित किया है। यह विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) की एक अग्रणी पहल है, जिसका उद्देश्य रोबोटिक्स और कोडिंग के प्रति उनके जुनून को जगाना है। मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल के 17 वर्षीय आरव कौल की अगुवाई में, इस कार्यक्रम की शुरुआत 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों को माइक्रोकंट्रोलर प्रोग्रामिंग में व्यावहारिक कौशल से लैस करने के लिए की गई थी। आरव ने कहा, इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी विकास को बढ़ावा देना है, जिससे युवा दिमागों को भविष्य के लिए व्यावहारिक ज्ञान से सशक्त बनाया जा सके। आरव ने यहां उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की, जिन्होंने इस पहल की सराहना की। प्रोजेक्ट ज़ुल की नींव फरवरी में रखी गई थी, जब आरव ने जम्मू और कश्मीर के कई स्कूलों में जाकर शिक्षकों से उत्साहपूर्ण भागीदारी हासिल की थी। एजेंसी