आरएस पुरा। कस्बे के साथ सटे गांव गेगिया में ट्रैक्टर यूनियन के चेयरमैन, पूर्व प्रधान चौ. कृष्ण लाल, सोमदत, यशपाल ने तवी व बिलोल खनन पर लगा प्रतिबंध हटाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष पूर्व राज्य सरकार ने रेत, बजरी, पत्थर आदि दरिया से निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया। इस कारण ट्रैक्टर चलाकर रोजगार का साधन अपनाए लोग मुश्किल में आ गए। बैंक से ऋण लेकर ट्रैक्टर खरीदने पर किस्त जमा नहीं कराए जाने पर बैंकों ने उन्हें जब्त कर लिया। उन्होंने कहा कि खेतीबाड़ी कर रहे किसानों को पहले ही महंगाई के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और अब खनन पर लगे प्रतिबंध के चलते गरीब लोगों को रेत, पत्थर, बजरी महंगी कीमतों पर खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रतिबंध को हटाया जाए ताकि ट्रैक्टर चालकों की रोजी-रोटी चल सके। इस दौरान ट्रैक्टर यूनियन के रवैल सिंह, कौशल शर्मा, संसार चंद, प्यारा सिंह भी मौजूद थे।