कठुआ/हीरानगर/ रामकोट। जिले में अपनी क्वारंटीन अवधि को पूरा करने वाले 855 व्यक्तियों को अपने गृह जिलों की ओर रवाना कर दिया गया।
डीसी कठुआ, ओपी भगत ने बताया कि कठुआ में चड़वाल से 14 दिन की अनिवार्य संगरोध अवधि पूरी करने के बाद 855 व्यक्तियों को एसआरटीसी की बसों और निजी वाहनों में वापस भेज दिया गया है। यह सभी लॉकडाउन किए जाने से पहले तक प्रदेश में दाखिल हुए थे। इन लोगों में बच्चों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। डीसी कठुआ ने बताया जिले में क्वारंटीन किए गए लोगों के लिए 65 से अधिक क्वारंटीन केंद्र स्थापित किए गए थे। 23 मार्च के बाद से भोजन और आश्रय प्रदान किया गया था। डीसी ने बताया कि इससे पहले भी क्वारंटीन अवधि पूरी होने पर सैंकड़ों लोगों को उनके गृह जिलों की ओर रवाना किया गया था। रामकोट तहसील के सरकार की ओर से बनाए गए क्वारंटीन में संदिग्ध रखे गए छह लोगों को क्वारंटीन अवधि पूरा होने पर वापस घर भेजा गया। सोमवार को संदिग्ध रखे हुए लोगों की संख्या 11 रह गई।