जम्मू। शहर के तीन अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नशा तस्करों को दबोच लिया। इनके पास से नशा सामग्री भी बरामद की गई है। सैनिक कालोनी में पुलिस ने नरवाल से कुंजवानी की तरफ जा रही स्विफ्ट कार को रोका। लेकिन चालक वहां से भागने लगा। इस पर पुलिस ने उस पकड़ लिया और तलाशी ली। इसमें सात ग्राम हेरोइन बरामद की गई। कार चालक की पहचान जिशान चौधरी निवासी गुज्जर कालोनी जम्मू के रूप में हुई। डीएसपी अरुण जमवाल का कहना है कि आरोपी पुलिस का नाका तोड़ कर भाग रहा था। जिसे दबोच लिया गया। वहीं नगरोटा पुलिस ने नाका लगाकर चेकिंग के दौरान एक टवेरा वाहन को रोका और तलाशी लेने पर दो किलो चरस बरामद की गई। वाहन चालक अहमद शेख कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है। पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पंजतीर्थी पर पुलिस के एक अन्य नाके पर टैंपों की तलाशी लेने पर 30 किलो भुक्की बरामद की गई है। टैंपों में दो लोग बैठे हुए थे। इनमें जगजीत सिंह और अक्शदीप शामिल हैं। दोनों लुधियाना के रहने वाले हैं। आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। यह दोनों श्रीनगर से भुक्की ला रहे थे, जिसे पंजाब ले जाना था।