- चयनित क्रिकेटर जेकेसीए की महिला क्रिकेट लीग में तीन दो दिवसीय मैच और एक वनडे मैच खेलेंगी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने अपने टैलेंट हंट के माध्यम से प्रदेश भर से 54 महिला क्रिकेटरों का चयन किया है। उल्लेखनीय है कि पिछले सीजन में राष्ट्रीय स्तर पर जेकेसीए का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के अलावा टैलेंट हंट 2024 से भी खिलाड़ियों को चुना गया है। जेकेसीए ने पहले ही 2024-25 सत्र के लिए महिलाओं की अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-15 टीमों में संभावित खिलाड़ियों का चयन कर लिया है।
अब चयनित 54 महिला क्रिकेटर जेकेसीए महिला क्रिकेट लीग में अवसर का लाभ उठाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। यह लीग वीरवार को जेकेसीए हॉस्टल मैदान में एक दिवसीय मैच के साथ शुरू हुई। चार टीमों में बंटे खिलाड़ियों को तीन दो दिवसीय मैच और एक वनडे मैच खेलना है। लीग की शुरुआत जम्मू-कश्मीर की स्टार क्रिकेटरों सरला देवी और संध्या सयाल की अगुवाई वाली दो टीमों के बीच एक दिवसीय मैच से हुई।
दो दिवसीय मैचों में इन महिला क्रिकेटरों को अपना कौशल दिखाने का पर्याप्त अवसर मिलेगा। यह चयनित खिलाड़ियों के लिए सपनों को जीने का एक मंच है। प्रदेश की शीर्ष महिला क्रिकेटरों के अलावा, सूची में जायसा अख्तर, चित्रा सिंह जमवाल, शिवंती गुप्ता और अंजू तोमर जैसे कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं। सुरभि दधीची, अंकिता जल्ला, मसर्रत अहद और प्रतिभा भसीन सहित लीग के चयनकर्ताओं की निगरानी में ये क्रिकेटर अपने क्रिकेट कौशल का प्रदर्शन करेंगे। मीनू सिंह सलाथिया और सुम्मैया जान को शिविर के कोच सह प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि रोहित राणा और सतिका शर्मा शिविर के प्रशिक्षक हैं। डॉ. लवली बंसल और दीया को फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में नियुक्त किया गया है।