संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। गुलमर्ग में चौथी खेलो इंडिया विंटर गेम्स के लिए वीरवार को प्रारंभिक बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता वाईएसएस सचिव सरमद हफीज ने की। भारतीय खेल प्राधिकरण की उप महानिदेशक एकता विश्नोई ने साईं टीम का नेतृत्व किया। जम्मू-कश्मीर खेल परिषद की सचिव नुजहत गुल ने कहा कि बैठक के साथ खेलों के चौथे संस्करण की औपचारिक तैयारी शुरू हो गई है। खेलो इंडिया विंटर गेम्स का अगला चरण फरवरी के पहले सप्ताह में होगा। सरमद हफीज ने समयसीमा का सख्ती से पालन करते हुए कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया। यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि शीतकालीन खेलों के दौरान सभी सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो। उन्होंने खेल प्रेमियों में उत्साह पैदा करने के लिए प्रचार अभियान तेज करने के लिएकहा। भारतीय खेल प्राधिकरण के उपनिदेशक सिबानंद मिश्रा और सचिन ने बताया कि खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों के संस्करण में देश भर से खिलाड़ियों और अधिकारियों सहित गणमान्य व्यक्तियों की लगभग 800 भागीदारी की उम्मीद है। नॉर्डिक स्की, स्की पर्वतारोहण, अल्पाइन स्कीइंग, स्नो बोर्डिंग की प्रतियोगिताएं की जा रही हैं, जबकि आइस हॉकी, आइस स्केटिंग आदि लद्दाख में हो रही हैं।