जम्मू क्षेत्र में मंगलवार को हुई भारी बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद पिछले चार दिनों से ट्रेन सेवाएं ठप हैं। अधिकारियों ने बताया कि कठुआ और उधमपुर के बीच ट्रैक कई जगहों पर खिसक गया है और टूट-फूट हुई है, जिसकी वजह से रेल यातायात निलंबित है। इसी कारण बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने जो सूची जारी की है, उसमें पांच ऐसी ट्रेनें भी शामिल हैं, जिन्हें बीच से ही शुरू या खत्म किया जाएगा। इससे पहले, 29 अगस्त को भी जम्मू, कटरा और उधमपुर स्टेशनों से 40 ट्रेनें रद्द की गई थीं।
गुरुवार को नॉर्दर्न रेलवे ने दो विशेष अनारक्षित ट्रेनें चलाईं, जिनसे करीब 3,000 फंसे हुए यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पिछले दो दिनों में हुई लगातार भारी बारिश से जम्मू क्षेत्र में रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बारिश से खासकर तीर्थयात्री और आम लोग फंस गए। कटरा स्थित माता वैष्णो देवी धाम में भूस्खलन की चपेट में आने से 34 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। वहीं, जम्मू ने 1910 के बाद से सबसे अधिक बारिश दर्ज हुई। बुधवार सुबह तक 380 मिमी दर्ज हुई।
ये भी पढ़ें: Vaishno Devi Landslide: LG ने जांच के लिए गठित की तीन सदस्यीय समिति, हादसे में जा चुकी 34 लोगों की जान