उधमपुर। युवा सेवा और खेल विभाग की ओर से आयोजित मिनी स्टेडियम में जारी इंटर स्कूल टूर्नामेंट के तीसरे दिन अंडर-14 लड़कियों की टीमों के बीच कबड्डी, वालीबाल व खो-खो के मुकाबले हुए। सभी मुकाबले जोनल शारीरिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमारी की देखरेख में खेले गए। इसमें विभिन्न ग्यारह सरकारी व निजी स्कूलों के लगभग 126 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इंटर स्कूल टूर्नामेंट के तीसरे दिन अंडर-14 लड़कियों की श्रेणी के बीच खो-खो प्रतियोगिता का फाइनल मैच भारतीय विद्या मंदिर स्कूल उधमपुर व हायर सेकेंडरी स्कूल बट्टल बालियां की टीमों के बीच खेला गया। इसमें भारतीय विद्या मंदिर स्कूल उधमपुर की टीम ने मैच में एक अंक की बढ़त से प्रतिद्वंद्वी टीम को हराया। अंडर 14 लड़कियों की श्रेणी के बीच कबड्डी के फाइनल मैच में हाई स्कूल बड़ाली रक्ख की टीम ने गर्ल्स हाई स्कूल की टीम को तीन अंको की बढ़त लेकर परास्त किया। इस मौके पर राजकुमार गुप्ता, अजीत सिंह, पुष्प कुमार, शशि बाला, सुनीता गुप्ता, अनीता गुप्ता, बानो देवी, रणवीर सिंह, रंजीत सिंह, निशा शर्मा, भारत भूषण, नीलम कुमारी, संदीप कौर, सोनिका, विक्रांत, विनोद कुमार, वेदप्रकाश आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।