राजोरी। जिला प्रशासन की ओर से डाक बंगला राजोरी में 26 मार्च को विशाल उत्सव जश्न-ए-राजोरी आयोजित किया जा रहा है। डीसी मोहम्मद एजाज असद की अध्यक्षता में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक बैठक हुई। डीसी ने बताया कि जश्न-ए-राजोरी के आयोजन का उद्देश्य जिला राजोरी में पर्यटन को बढ़ावा देना है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए सभी हितधारकों की अधिक से अधिक भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में झीलों के साथ-साथ कई तीर्थस्थल हैं। डीसी ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सफाई सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों को तैनात करने के लिए स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए। वहीं, आयोजन को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए मशहूर कव्वाली गायक साबरी भाई हिस्सा लेंगे। इसके अलावा स्थानीय गायक भी हिस्सा लेंगे।