जम्मू। वर्ष 2024 में गर्मी में पेयजल किल्लत से थोड़ी राहत मिलने की आस है। शहर में 21 नए ट्यूबवेल लगेंगे। पानी की पुरानी पाइपें भी बदली जाएंगी। इस पर 35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शहर में पहले से करीब 80 ट्यूबवेलों से पानी की सप्लाई दी जा रही है।
आधे से ज्यादा शहर में पानी की आपूर्ति ट्यूबवेल से ही होती है। बजट न मिलने से लंबे समय से ट्यूबवेल लगाने का प्रोजेक्ट लटक रहा था। जलशक्ति विभाग के अनुसार अब बजट स्वीकृत हो गया है। जनवरी में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ट्यूबवेल लगाने पर काम शुरू होगा। रणवीर नहर के किनारे करीब दस ट्यूबवेल लगाए जाएंगे। गांधी नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, बाहु प्लाजा सहित अन्य जगहों पर भी ट्यूबवेल लगेंगे। इससे करीब दो लाख आबादी को फायदा होगा।
गर्मियों में लोगों को टैंकर से मंगवाना पड़ता है पानी
अकसर गर्मियों में शहर के ज्यादातर मोहल्लों में पेयजल किल्लत रहती है। कई बार ट्यूबवेलों का जल स्तर गिर जाता है। सप्ताह भर पानी नहीं आता। पानी न आने पर लोगों को आठ सौ से एक हाजर रुपये खर्च टैंकर से पानी मंगवाना पड़ता है। जलशक्ति विभाग का दावा है कि ट्यूबवेल लगाने का काम जनवरी से शुरू कर दिया जाएगा। गर्मियों से पहले काम पूरा कर लिया जाएगा।
कोट
शहर में 21 नए ट्यूबवेल लगाने का प्रोजेक्ट है। पुरानी पाइपें भी बदली जाएंगी। इसके लिए फंड स्वीकृत हो गया है। गर्मियों से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
- राजेश कुमार, एक्सईएन, जलशक्ति विभाग