जम्मू। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति रियासी के तत्वावधान में पावर स्टेशन ज्योतिपुरम में एक दिवसीय हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ सलाल पावर स्टेशन के महाप्रबंधक हिमांशु शेखर ने किया। कार्यशाला में सलाल पावर स्टेशन के विभिन्न विभागों के हिंदी समन्वयकों के अलावा सीआरपीएफ, पीएनबी बैंक, स्टेट बैंकों से अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला में राजभाषा नीति व राजभाषा कार्यान्वयन के लिए निर्धारित लक्ष्यों पर प्रकाश डालने के साथ-साथ कंप्यूटर पर हिंदी के सरल प्रयोग का प्रशिक्षण भी दिया। इस दौरान टंकण अभ्यास का सत्र भी रखा गया। इसमें प्रतिभागियों को कंप्यूटर पर हिंदी टाइपिंग का अभ्यास करवाया गया। इसमें प्रबंधक(राजभाषा) मंजू वर्मा, राजभाषा अधिकारी कुलदीप कुमार ने व्याख्याता के रूप में सेवाएं दीं। कार्यशाला के समापन सत्र में वरिष्ठ प्रबंधक सेराफिना लाकड़ा ने प्रतिभागियों से फीडबैक लिया। साथ ही उन्होंने कार्यशाला की उपयोगिता के संबंध में भी जानकारी दी। इस मौके पर मुख्य अभियंता एमजी घई, वरिष्ठ प्रबंधक सेराफिना लाकड़ा, प्रबंधक मंजू वर्मा, कमाडेंट सीआरपीएफ रवि कला, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार, पीएनबी के प्रबंधक रमेश कुमार, रजनी कांत, शमसदीन मुख्य रूप से मौजूद रहे।