पुंछ। शुक्रवार की दोपहर नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक कार मोड़ काटते हुए चालक के नियंत्रण से बाहर होकर अस्पताल की ओपीडी की दीवार से नीचे की तरफ लटक गई। इसे देखते ही वहां मौजूद लोगों ने दौड़ कर कारके पिछले हिस्से पर भार डाल कर उसे दबाया। इससे कार वहीं नीचे नहीं गिरी। ऐसा न होता तो कार करीब दस फुट नीचे सड़क पर जा गिरती और बड़ा हादसा हो जाता। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर करीब 11 बजे नगर स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में सूरनकोट से तीन लोग कार में सवार होकर अपने किसी परिजन को डाक्टर को दिखाने पहुंचे थे। जब वह उसे डाक्टर को दिखाने के बाद घर लौटने के लिए कार में सवार हुए तो चालक ने जैसे ही कार को स्पीड दी, वह उसके नियंत्रण से बाहर होकर अस्पताल की चहारदीवारी के आर-पार लटक गई। इससे पहले कि कार नीचे की तरफ दस फुट नीचे सड़क पर जा गिरती, वहां मौजूद लोगों ने दौड़ कर कार के पिछले हिस्से को थाम कर उस पर अपना भार डाल कर कार को नीचे गिरने से बचा लिया। इसके बाद एक-एक कर कार में सवार लोगों को बाहर निकाला गया और फिर कार को पीछे की तरफ खींच कर निकाला गया।