बिलावर। युवा कांग्रेस (युकां) ने बिलावर में फार्मेसी कालेज न खुलने पर रोष जताया है। युकां ने सरकार से जल्द यहां फार्मेसी कालेज खोलने और पीजी कक्षाएं शुरू करने की मांग की है। प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव एडवोकेट पंकज बसोत्रा ने बताया कि स्थानीय विधायक और उप मुख्यमंत्री डाक्टर निर्मल सिंह ने तीन साल पहले बिलावर में फार्मेसी कालेज खोलने और पीजी कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की थी। अभी तक यहां न तो फार्मेसी कालेज खुला और न ही यूनिवर्सिटी के सैटेलाइट कैंपस में पीजी कक्षाएं शुरू हो र्पाइं। उन्होंने कहा कि जबसे प्रदेश में भाजपा-पीडीपी सरकार सत्ता में आई है, लोगों की दिक्कतें कम होने के बजाय बढ़ी हैं। विशेषतौर पर जम्मू संभाग के साथ भेदभाव काफी बढ़ा है। रियासत में बेरोजगारों की संख्या दिन ब दिन बढ़ रही है। सरकार के पास युवाओं को रोजगार देने की कोई भी योजना नहीं है। इससे उनमें सरकार के प्रति रोष बढ़ रहा है।