सांबा। बारिश के नहीं होने से किसान असमंजस में हैं। बिजली की कटौती, नहरों में पानी की किल्लत, बारिश के नहीं होने से किसान धान की रोपाई के लिए परेशान हैं। कंडी क्षेत्र के किसान तो बारिश के पानी पर ही निर्भर रहते हैं। किसान यूनियन के जिला प्रधान कर्ण सिंह, द्वारिका नाथ, जगदीश राज ने बताया कि नहरों में इन दिनों पानी की किल्लत बनी हुई है, जिन किसानों ने मोटर पंप लगाए हैं। बिजली की कटौती से पंप भी नहीं चल पा रहे हैं। ऐसे में अब किसानों को बारिश का इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों ने धान की पनीरी की पूरी तैयारी कर रखी है। जहां पानी की व्यवस्था नहीं है वहां किसान बारिश पर ही निर्भर रहते हैं। वहीं कंडी क्षेत्र के किसान भी बारिश के इंतजार में हैं। कंडी क्षेत्र के किसानों ने मक्की की बिजाई के लिए खेतों की तैयारी तो कर रखी है अब केवल बारिश का इंतजार है। दिन भर बारिश के लिए किसान आसमान की ओर आंखें गड़ाए रहते हैं।