रामबन। जिले में दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह श्रीनगर से जम्मू की ओर आ रहा पेट्रोल टैंकर बैटरी चश्मा इलाके में अनियंत्रित होकर 700 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में टैंकर चालक मुदस्सर अहमद निवासी अवंतीपुरा जिला पुलवामा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर के बाद पुलिस और सेना का बचाव दल मौके पर पहुंचा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रस्सियों की मदद से शव को खाई से निकाला गया। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा दूसरा हादसा गूल तहसील के सांगालदान इलाके में हुआ। यहां ट्रैक्टर ने करारा के पास पैदल चल रहे व्यक्ति अनीस अहमद निवासी अलनबास को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर 30 फुट गहरी खाई में जा गिरा। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।