रियासी। जिला मुख्यालय के साथ सटे पहाडी क्षेत्रों में से हो कर गुजरने वाली अंजी तवी में पानी का बहाव कम होने के कारण कई स्थानों पर मछलियां मर गई है। आने वाले दिनों में पानी का स्तर और ज्यादा कम हुआ तो कई अन्य स्थानों पर भी मछलियों के मरने की आशंका है। बताया जाता है कि कयाला के उपरी क्षेत्रों में बनाए जा रहे टनल का मलबा गिरने से अंजी तवी का पानी कई स्थानों पर कम हो गया है। इसका असर कयाला में बने पीने के पानी की सप्लाई वाले डगवेल में भी देखने को मिला है। कई ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी की कमी आई है। तवी का पानी यही से गुजर कर नीचे की तरफ जाता है और बाद में दरिया चिनाब से मिलता है। तवी में पानी कम होने के कारण कई स्थानों पर सूखे की स्थिति बन गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों ने कुछ स्थानों से अंजी तवी के पानी का रुख खेतों की तरफ मोड़ लिया है। इसके चलते भी तवी में पानी कम होने के कारण मछलियों मर गई हैं। ब्यूरो