पुंछ।मंडी तहसील के साथरा ब्लाक की चकराड़ा पंचायत के वार्ड चार में पंच का चुनाव लड़ रहे दोनों ही प्रत्याशियों को विजेता होने के प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए हैं। इसके बाद दोनों ही प्रत्याशी खुद को विजेता पंच बताते हुए अपने अधिकार के लिए न्यायालय में जाने की बात कर रहे हैं। जिला चुनाव अधिकारी राहुल यादव का कहना है कि यह मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त को मामले की जांच करने को कहा गया है। वे यह देखेंगे कि दोनों प्रत्याशियों को विजेता कैसे घोषित कर दिया गया। यादव ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो चकराड़ा के वार्ड चार की दोबारा मतगणना करवाई जाएगी। वार्ड चार से मोहम्मद जाहिर और हमीद उल्ला ने पंच के लिए चुनाव लड़ा था। जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद इस मामले को कानून के दायरे में हल किया जाएगा। ब्यूरो