पुंछ। रविवार को डिग्री कालेज के मैदान में जम्मू-कश्मीर वालीबाल एसोसिएशन की तरफ से शहीद डीएसपी मंजीत सिंह मेमोरियल वालीबाल क्लब पुंछ से सहयोग से आयोजित सीनियर वालीबाल स्टेट चैंपियनशिप का खिताब पुंछ के नाम रहा। फाइनल मैच में जम्मू-कश्मीर पुलिस को 3-0 से हरा कर पुंछ लगातार दूसरी बार सीनियर वालीबाल स्टेट चैंपियनशिप का विजेता बना। पहला सेमीफाइनल जम्मू और जेएंडके पुलिस के बीच खेला गया। इसमें जेएंडके पुलिस ने जम्मू को 3-2 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल पुंछ और कठुआ के बीच खेला गया, जिसमें पुंछ ने कठुआ को 3-1 से हराया। फाइनल मैच में पुंछ के अंतरराष्ट्रीय वालीबाल खिलाड़ी सकलैन तारिक की जोरदार स्मैश और मंजे हुए खेल के आगे पुलिस की एक न चली। अंतत: पुंछ ने जेएंडके पुलिस को 3-0 से हरा कर दूसरी बार चैंपियनशिप जीत ली। पिछले साल कश्मीर के बांदीपोरा में भी पुंछ ने विजय हासिल की थी। इस अवसर पर खिलाड़ियों के साथ ही पूर्व राष्ट्रीय वालीबाल कोच कृष्णलाल शर्मा, अब्दुल शाह, आरसी शर्मा, पुलिस के अंतरराष्ट्रीय वालीबाल कोच सज्जाद हुसैन, राजीव डोगरा आदि को भी सम्मानित किया गया। ब्यूरो