पुंछ। बुधवार तड़के जिले की मनकोट तहसील में नियंत्रण रेखा पर तैनात सीमा सुरक्षाबल (बीएसएफ) के एक एएसआई की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। एएसआई का शव शाम को मेंढर उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उसके पैतृक गांव भेज दिया गया। उसकी पहचान सीमा सुरक्षाबल की 72वीं वाहिनी के एएसआई देसराज पुत्र हंसलाल निवासी चंदवानी, पंजाब के रूप में हुई है। इस मामले के बारे में ब्लाक मेडिकल अधिकारी मेंढर डॉ. परवेज अहमद खान ने बताया कि बुधवार तड़के नियंत्रण रेखा पर मनकोट क्षेत्र में तैनात सीमा सुरक्षाबल की 72वीं वाहिनी के एएसआई देसराज को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। साथियों ने उनको तुरंत शिविर में चिकित्सा कक्ष में पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत पाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव सीमा सुरक्षाबल के अधिकारियों को लौटा दिया गया। ब्यूरो