सांबा। घगवाल स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक की शाखा में एक युवक ने धोखाधड़ी का प्रयास किया। लेकिन बैंक कर्मी की सूझबूझ के चलते उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान संजीव कुमार निवासी पारली बंड कठुआ के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह जेके बैंक की घगवाल शाखा में एक युवक ने किसी के बैंक खाते से पैस निकालने का फार्म भरा। आरोपी जाली जानकारी भर कर काउंटर पर एक लाख रुपये निकालने के लिए खड़ा हो गया। जब कैशियर ने उसे टोकन देने को कहा तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। कैशियर ने चुपके से बैंक गार्ड की सहायता से आरोपी को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घगवाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।