एंटी ड्रग्स अभियान में लाई जाएगी तेजी
बेरोजगार युवाओं को पुलिस में नौकरी हेतु विशेष भर्ती की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
पुंछ।
बुधवार शाम को आईजीपी जम्मू एसडीएस जमवाल ने कहा कि पुलिस द्वारा चलाया गया एंटी ड्रग्स अभियान और तेज किया जाएगा। आईजीपी का पद संभालने के बाद बुधवार को एसडीएस जमवाल पहली बार पुंछ पहुंचे। जहां पर एसएसपी पुंछ राजीव पांडेय एसपी मसरूर मीर और डीएसपी डी आर मोहन शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर लोगों ने जिले में बढ़ रहे ड्रग्स के मामलों पर रोक लगाने के लिए आईजीपी से मांग की। इस पर आईजीपी ने लोगों को विश्वास दिलाते हुए कहा कि ड्रग्स अभियान तो तेज करके तस्करों पर पूरी तरह से शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले से ही एंटी ड्रग्स अभियान ही चलाया जा चुका है, जो कि पुंछ से ही शुरू किया गया था बाद में सब जगह पर एंटी ड्रग्स अभियान चलाए जाने लगे है। यह अभियान इसी प्रकार जारी रहेगा बस पुलिस को आपका सहयोग चाहिए। इसके साथ ही लोगों ने बेरोजगार युवाओं को पुलिस में नौकरी हेतु विशेष भर्ती चलाने, और क्षेत्र के विकास की अनदेखी को उजागर किया। पुंछ के डाक बंगला सभागार में पुंछ वासियों ने आईजीपी बनने पर उन्हें बधाईयां दी। इस अवसर पर आईजीपी ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि पुंछ की संपत्ति आपसी भाईचारा है जिसे आप लोगों को बनाए रखना है अगर कहीं कुछ बात होती भी है तो आप लोग एक दूसरे के साथ मिल बैठकर उसे बातचीत से सुलझाएं।