अमर उजाला ब्यूरो
पुंछ।
मंगलवार को जिला विकास आयुक्त पुंछ तारिक अहमद जरगर ने अपने कार्यालय स्थित सभागार में जुमा तुल विदा और ईद की तैयारियों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया। जिसमें मुसलिम समुदाय के धार्मिक, सामाजिक संगठनों और विभिन्न मस्जिदों के इमामों और जिले के सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर बैठक में उपस्थित मुख्य जामा मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद फारूक मिसबई सहित अधिकतर लोगों ने जिला प्रशासन से इस बात की शिकायत की कि रमजान में हमें इस बार न तो पर्याप्त मात्रा में बिजली, पानी और राशन ही उपलब्ध हो पाया है और न ही नगर में सही प्रकार की साफ सफाई की गई है। उपस्थित लोगों ने जिला विकास आयुक्त से इस बात का अग्रह किया कि कम से कम अब ईद तक हमें बिजली पानी सही प्रकार से उपलब्ध कराया जाए विशेष कर जुमे के दिन बिजली पूरे समय दी जाए और नगर में सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त किया जाए। इस पर जिला विकास आयुक्त ने सभी विभागों को इस बात के निर्देश दिए कि वह अपने काम को सही प्रकार अंजाम दें ताकि अगले दिनों में रोजेदारों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। वहीं इस अवसर पर जुमा तुल विदा और ईद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात आदि को लेकर चर्चा की गई। बैठक में एसीआर मोहम्मद अशरफ, एस पी मसरूर मीर भी उपस्थित रहे।