अमर उजाला ब्यूरो।
नौशेरा।
शनिवार को एलओसी के पास सेर व मकड़ी में सरकारी हाई स्कूल में एसडीएम नौशेरा ने एक कैंप लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। ग्रामीणों ने एसडीएम के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए कहा कि आए दिन हो रही गोलाबारी से बचने के लिए पक्के बंकर बनवाए जाएं तथा पाक की ओर से होने वाली गोलाबारी में जो भी नुकसान हुआ है उसका मुआवजा जल्द मिले। ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि पाक की ओर से की गई गोलाबारी में हमारे पक्के मकान नष्ट हो गए, मवेशी मारे गए, व फसलें बर्बाद हो गईं। इस अवसर पर बीडीओ सुरेंद्र सिंह भी मौजूद रहें। एसडीएम नौशेरा लोगों के घरों में भी जाकर मिले साथ ही लोगों ने बिजली, पानी व राशन की भी समस्याएं रखी। लोगों को सारी समस्याओं को सुनकर एसडीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनके लिए पक्के बंकर बनाए जाएंगे। पाक गोलाबारी में हुए नुकसानों की सूची उच्च स्तर पर भेज दी गई है, साथ ही फसलों के नुकसान की सूची भी जल्द भेजी जाएगी।