उधमपुर। मोंगरी तहसील में आयोजित होने वाले प्राचीन तीन दिवसीय मोंगरी मेला की तैयारियों को लेकर वीरवार को बैठक का आयोजन डीसी कार्यालय में हुआ, जिसमें एडीसी गुरविंद्रजीत सिंह ने विभिन्न सरकारी विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। बैठक में मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया। बैठक को संबोधित करते हुए एडीसी ने 15 से 17 मई तक मेला स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए। पीएचई विभाग को पीने के पानी, सीएमओ को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए कहा। पीडीडी विभाग को बिजली की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एफसीएसएंडसीए विभाग को निर्देश दिए कि मेला स्थल पर बेचे जाने वाली खाने पीने की वस्तुओं की पूरी जांच की जाए और कहीं कुछ कमी पाई जाती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। मेला स्थल पर पहुंचने के लिए यात्री वाहनों की व्यवस्था के लिए परिवहन विभाग को कहा गया। बैठक में तहसीलदार मोंगरी को मेले का मेला आफिसर नियुक्त किया गया। एडीसी ने बताया कि मेले के दौरान स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और इनके बीच कई तरह की खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। इसके लिए खेल विभाग के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए। अंतिम दिन विशाल दंगल का आयोजन होगा, जिसमें कई पहलवान हिस्सा लेंगे। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों की तरफ से स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और साथ ही इस बार मेले में स्वच्छ भारत अभियान के तहत ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।