राजोरी। पाकिस्तानी गोलाबारी के दौरान नुकसान उठाने वाले ग्रामीणों के लिए जिला प्रशासन ने वित्तीय सहायता को मंजूरी दी है। जिला मजिस्ट्रेट एवं डीसी राजोरी मोहम्मद एजाज असद की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई मामलों की जांच की गई। इसमें क्रास एलओसी गोलाबारी के कारण मौत, चोट, पशुधन की हानि और संपत्ति का नुकसान शामिल है। इसके बाद डीसी ने सहायता के मामलों को मंजूरी दी। डीसी के अनुसार एलओसी गोलीबारी के पीड़ितों के पक्ष में प्रशासन द्वारा 1,988,800 रुपये की कुल वित्तीय सहायता को मंजूरी दी गई है, जिसमें पुखरनी गांव के रियाज अहमद को चोट लगी थी और वह गोलाबारी के कारण 100 प्रतिशत विकलांग हो गया था। उन्हें 75000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। एक अन्य मामले में गोलाबारी में घायल हुई कैलाश देवी को 5000 रुपये, जान गंवाने वाले डींग नौशेरा निवासी बोधराज और हेम राज के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की राशि मंजूर की है। इसी तरह 3,33,800 रुपये ऐसे पीड़ितों के पक्ष में मंजूर की है, जिनकी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। पशुधन का नुकसान उठाने वालों के लिए 150000 रुपये की राशि मंजूर की गई है।