कठुआ। नलूंड के नजदीक पस्सियां गिरने से बनी ढग्गर मार्ग पर यातायात लगातार दूसरे दिन भी ठप रहा। इस बीच लोगों को पैदल सफर कर गंतव्य की ओर जाना पड़ा।
बनी से मात्र दो किलोमीटर दूर बनी-ढग्गर मार्ग पर मंगलवार रात पहाड़ का मलबा सड़क पर आ गया था। बुधवार और वीरवार को भी पहाड़ से पत्थर गिरते रहे। एसडीएम अजीत सिंह ने वीरवार सुबह मौके का जायजा लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पस्सियां हटाने का काम शुरू करने के निर्देश दिए। तहसीलदार सुदेश सिंह ने लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर काम शुरू करवाया। जेसीबी दिन भर पस्सियां हटाने के काम में जुटी रही। जिस जगह पस्सियां गिरी हैं वहां से अधिकतर मलबा शाम तक हटा लिया था, लेकिन इसके बाद फिर से मलबा सड़क पर गिर गया। शाम तक जेसीबी इसे हटाने में नाकाम रही। उधर, यातायात बाधित रहने से ढग्गर, दुलंगल, मधोता, भुरड़ी, डुग्गन, चलोग, बाड़ी व नलूंड गांव को जाने वाले सैकड़ों लोगों को पैदल ही सफर करना पड़ा। लोगों ने विभाग से जल्छ यातायात बहाल करने की मांग की है।