पुंछ। सोमवार को जिले के चक्का दा बाग की नियंत्रण रेखा के रास्ते चलने वाली पुंछ-रावलाकोट बस में सवार होकर पीओके के 27 लोग नियंत्रण रेखा के आर-पार हुए। सोमवार को दोपहर करीब 2.45 बजे पुंछ नगर से आठ किलोमीटर दूर चक्का दा बाग की राह-ए-मिलन के गेट खोले गए। यहां पर भारत की तरफ से, जिनमें भारत की पुंछ-रावलाकोट बस अथारिटी के अधिकारी इरशाद हुसैन सोफी और पीओके की तरफ से नईम अहमद खान ने आपस में मुलाकात की। इसके बाद पुंछ-रावलाकोट बस में सवार होकर भारत में अपने रिश्तेदारों के पास एक महीना बिताने के बाद नियंत्रण रेखा पर कर पीओके के 11 लोग वापस लौटे। पीओके की तरफ से रावलाकोट-पुंछ बस में सवार होकर 16 लोग इस पार पहुंचे। सोमवार को एक भी भारतीय नागरिक नियंत्रण रेखा के आर-पार नहीं हुआ, क्योंकि पिछले कई हफ्तों की ही तरह इस बार भी पीओके प्रशासन की तरफ से किसी भी भारतीय नागरिक को परमिट जारी नहीं किया गया।