श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के मुरन इलाके से आतंकी बने युवक के घर वालों ने हिंसा का रास्ता छोड़ने की अपील की है। हथियार के साथ उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद घर वालों को उसके आतंकी संगठन में शामिल होने का पता चला। शौकत अहमद डार नामक यह युवक 17 जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन में शामिल हुआ है। उसे बादशाह खान कोड नाम दिया गया है। युवक के आतंकी संगठन में शामिल होने की खबर मिलते ही उसके परिवार वालों ने घर वापसी की अपील की है। उसकी मां व बहन ने हिंसा का रास्ता छोड़कर घर लौटने की गुहार लगाई है। ब्यूरो