भारत पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाक गोलाबारी से प्रभावित हुए लोगों की मदद के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
गोलाबारी के डर से पलायन करने वाले सीमावर्ती गांवों के लोगों के रहने के लिए चीची देवी मंदिर परिसर, काली बड़ी कम्यूनिटी हॉल, नौनाथ आश्रम, नृसिंह देव मंदिर, मदून पंचायत घर, अबताल कम्यूनिटी हॉल, रक्ख अम्ब टाली, शिव मंदिर रक्ख, रेईयां हाई स्कूल आदि स्थानों पर प्रशासन ने अस्थायी शिविर बनाए हैं।
यहां लोगों के रहने खाने के प्रबंध किए गए हैं। प्रशासन ने प्रभावितों को पूछताछ एवं जानकारी के लिए नंदनी में कंट्रोल रूम भी बनाया है और एक फोन नंबर (01923217006) भी चालू किया गया है।
गोलाबारी प्रभावितों की मदद के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा के लिए डिप्टी कमिश्नर मुबारक सिंह ने आज बुधवार को विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इन कैपों में रह रहे बच्चों के लिए दूध से लेकर अन्य लोगों के लिए खाने-पीने, स्वास्थ्य सेवाओं, सफाई, बिजली आदि जरूरी सामान का प्रबंध किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को इन राहत शिविरों की नियमित रूप से निगरानी करने को भी कहा गया है।
उन्होंने घग्वाल सबडिवीजन का कार्य एडीडीसी विवेक शर्मा, सांबा सब डिवीजन के लिए एडीसी इंद्रजीत और विजयपुर सबडिवीजन के लिए एसीआर सोनू परगाल को जिम्मा सौंपा। डीसी ने कहा है कि सबंधित तहसीलदार एंव बीडीओ अपने कार्य क्षेत्रों में ही रहे।