जम्मू से घाटी तक ट्रेन पहुंचाने का प्रोजेक्ट चुनौतियों से भरा है। ऐसे प्रोजेक्ट में देरी होना संभव है। जिसके कारण इस पर खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। इन चुनौतियों के एक हिस्से को पूरा कर लिया गया है। कश्मीर में काजीगुंड और जम्मू में बनिहाल के बीच इसी वित्तीय वर्ष में ट्रेन सेवा शुरू हो जाएगी। ये बातें उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक वीके गुप्ता ने पत्रकारों से कही।
जम्मू में बातचीत के दौरान शुक्रवार को वीके गुप्ता ने बताया की कई बार मौसम आड़े आ जाता है। बर्फीले मौसम में ही इस प्रोजेक्ट में परेशानियां आ रही हैं। इसकी जानकारी के लिए ही वे राज्य के दौरे पर हैं। घाटी में ट्रैक से बर्फ हटाने के उपकरणों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पिछले साल ऐसी कोई खास समस्या नहीं आई थी। इस साल जिस तरीके से मौसम विभाग की भविष्यवाणी है उसे देखते हुए ट्रैक से बर्फ को हटाने के उपकरणों को बढ़ाया जाएगा।
बनिहाल से काजीगुंड के 13 किलोमीटर लंबे ट्रैक के काम में भी मौसम ही आड़े आया है और काम प्रभावित हुआ है। हालांकि इस प्रोजेक्ट को दिसंबर अंत तक शुरू करना था। कटड़ा तक ट्रेन पहुंचाने के लिए भी काम तेजी से चल रहा है। पहले एक टनल में पानी का रिसाव लगातार हो रहा था। अब दूसरी ओर से टनल बनाई गई है। जिस पर काम चल रहा है। इस काम का जायजा लेने के लिए वीके गुप्ता शुक्रवार शाम को कटड़ा रवाना हुए।
यहां वे कटड़ा से रियासी के बीच चल रहे काम का जायजा लेंगे। उनके अनुसार, जम्मू से घाटी तक ट्रेन पहुंचाना जापान में समंदर के नीचे से ट्रेन चलाने जैसा प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट पर अब तक 19,565 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। भूमि और पहाड़ी के सर्वेक्षण के दौरान ही समय सीमा तय कर दी जाती है, लेकिन जब काम शुरू होता है तो उसमें कई बाधाएं उत्पन्न होती हैं। जम्मू कश्मीर की पहाड़ियां भी काफी सख्त हैं।
जम्मू-उधमपुर ट्रैक का दौरा किया
श्रीनगर से दो दिन के दौरे बाद जम्मू पहुंचे उत्तरी रेलवे के महाप्रबंधक वीके गुप्ता, डीआरएम फिरोजपुर एनसी गोयल के साथ जम्मू उधमपुर सेक्शन के दौरे पर निकले। वीके गुप्ता ने विशेष ट्रेन से ट्रैक का ओपन जायजा लिया और अधिकारियों को कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए। इस ट्रैक पर चल रहे इलेक्ट्रिफिकेशन के काम का भी जायजा लिया जाएगा।
महाप्रबंधक उधमपुर से सीधे सड़क मार्ग से कटड़ा पहुंचे। जहां से माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद सुबह वापस लौटेंगे। सुबह वह रियासी-कटड़ा प्रोजेक्ट का जायजा लेने के बाद शनिवार शाम को जम्मू से वापस विशेष ट्रेन से नई दिल्ली रवाना हो जाएंगे। शुक्रवार को वह श्रीनगर से हवाई मार्ग से जम्मू दोपहर ढाई बजे पहुंचे और कुछ देर गेस्ट हाउस में रुके। उनके साथ डीटीएम आरएन मीना और इंजीनियरिंग सेक्शन के कई अधिकारी भी मौजूद थे।