उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन ने एफडीआई के विरोध में प्रदर्शन किया और क्वार्टरों की मरम्मत की भी मांग उठाई। एफडीआई के विरोध में उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन ने शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन जम्मू के एसएस दफ्तर के सामने धरना दिया, जिसमें रेलवे प्रशासन तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
एक ओर सरकार की ओर से एफडीआई लाए जाने का धरने पर बैठे रेल कर्मियों ने विरोध किया, वहीं खस्ताहाल रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत की पुरजोर मांग भी उठाई गई।
वाशिंग लाइन एक-दो-तीन में पानी जमा रहता है, जिससे वाशिंग लाइन में खड़ी ट्रेनों की सुरक्षा जांच में आ रही दिक्कतों को उजागर किया गया। कटड़ा में गए कर्मियों को रहने के लिए क्वार्टर तथा पेयजल का समुचित बंदोबस्त न होने पर रेलवे प्रशासन के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की गई।
वहीं, बताया गया कि जम्मू रेलवे स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक के दफ्तर के सामने स्टेशन प्रबंधक का बोर्ड लगा है, जिस पर किसी का ध्यान नहीं जा रहा, वहीं इसी दफ्तर में एसएस भी बैठते हैं। इस धरना प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से यूनियन के प्रधान कंवर सिंह, सचिव अशोक तलवार एवं प्रवक्ता पुष्प कुमार आदि उपस्थित रहे तथा अपनी समस्याओं को जोरदार ढंग से धरने के दौरान रखा।
यूनियन के सचिव अशोक तलवार ने बताया कि यह धरना लगातार पांच दिनों तक चला। छह से लेकर 11 अक्तूबर के मध्य उधमपुर सहित विभिन्न प्रशासनिक दफ्तरों के सामने यूनियन ने जोरदार ढंग से मांगें रखी हैं। जम्मू स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों का यह धरना-प्रदर्शन शाम तक जारी रहा।