जिला पुलिस लाइन शाह बलोड़ में मंगलवार को 55वां राष्ट्रीय पुलिस दिवस (शहीदी दिवस) मनाया गया। इस मौके पर शहीद पुलिस जवानों को भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। एसएसपी अनिल मगोत्रा ने इस मौके पर परेड की सलामी ली। डीसी मुबारक सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।
गौरतलब है कि वर्ष 1959 में सीआरपीएफ के जवान 16 हजार फुट की ऊंचाई पर लद्दाख सीमा की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान चीन के सैनिकों ने उन पर हमला बोल दिया। इसमें कई जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद से हर साल शहीदी दिवस मनाया जाता है।
कार्यक्रम में बीस शहीदों के परिवारों को जिला पुलिस प्रमुख ने सम्मानित किया। सम्मान पाकर शहीदों के घरवालों का सिर गर्व से ऊंचा हो गया। उन्होंने कहा कि जवानों की कुर्बानी को हमेशा याद रखा जाएगा। शहीदी दिवस कार्यक्रम में पुलिस कांस्टेबल और पुलिस अधिकारी, राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।
उधर, मंडी कैली में युवा क्लब बनाया। इस क्लब के जरिये जनता और पुलिस में बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर लाइब्रेरी का उद्घाटन भी किया गया। सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत बनाए गई लाइब्रेरी का उद्घाटन आईजीपी राजेश कुमार ने किया। डीआईजी शकील अहमद बेग, एसएसपी अनिल मगोत्रा भी उपस्थित थे।
आईजी ने पुलिस हेडर्क्वाटर में जवानों के लिए एक बैरक व कांफ्रेंस हॉल का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर आईजी ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। लाइब्रेरी व युवा क्लब युवाओं को सही दिशा पर चलने को प्रेरित करेंगे।