फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

युवक की मौत पर बवाल, शव लेकर हाईवे पर हंगामा

Wed, 25 Feb 2015 11:43 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,कठुआ
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर से सटे मूला तालाब इलाके में एक युवक की मौत के बाद मंगलवार को भारी बवाल मच गया। मृतक के घरवालों और स्थानीय लोगों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए इलाके में जाम लगा दिया। पहले उन्होंने मूला तालाब इलाके में और इसके बाद कालीबड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी शव लेकर हाईवे पर अड़े रहे।
विज्ञापन


प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग भी किया। इस दौरान कुछ लोगों को चोटें भी आईं। पुलिस ने मामले की गहन जांच कराने का भरोसा दिया है। घरवालों का आरोप है कि युवक ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है। एक प्रभावशाली परिवार के रसूख की वजह से पुलिस ने सोमवार की रात को घर आकर उसे धमकाया भी था।

मूला तालाब निवासी चौबीस वर्षीय अनिल कुमार का शव मंगलवार की सुबह घर के पास ही बने एक कमरे में पंखे से लटकता मिला था। मृतक के परिवार के धन्ना राम और बचनी देवी ने कहा कि सोमवार की रात को अनिल की एक प्रभावशाली परिवार से ताल्लुक रखने वाले लड़कों के साथ कहासुनी हो गई थी।
विज्ञापन


मामला पुलिस तक पहुंच गया था। प्रभावशाली परिवार ने रसूख का इस्तेमाल करते हुए पुलिस को हमारे घर तक भेज दिया। पुलिस ने अनिल सहित पूरे परिवार को डराया और धमकाया। इसके अगली सुबह अनिल का शव घर के पास ही स्थित कमरे में पंखे से लटकता हुआ मिला। घरवालों का कहना है कि कमरे के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। इससे साफ होता है कि यह मामला आत्महत्या का नहीं, बल्कि हत्या का है। लिहाजा पुलिस को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।

शव लेकर नेशनल हाईवे पर उतरे लोगों ने मूला तालाब के सामने जाम लगा दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का हुजूम कालीबड़ी चौक पहुंच गया। इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। यहां काफी देर तक हंगामा होता रहा।

प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने पहुंचे अतिरिक्त एसपी नासिर अहमद खान ने कहा कि इस मामले में प्रथम दृष्टया कोई संदेह नजर नहीं आ रहा है। इसके बावजूद घरवालों के संदेह को ध्यान में रखते हुए हर पहलू की जांच की जाएगी। सोमवार की रात को पुलिस द्वारा प्रताडि़त किए जाने के आरोप पर उन्होंने कहा कि इस मामले की भी जांच की जाएगी।

सिट करेगी मामले की जांच- युवक की मौत के बाद उठे बवाल को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम गठित करने की कवायद शुरू कर दी है। एसपी नीवा जैन ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनाक्रम पर चूंकि घरवालों और ग्रामीणों ने संदेह जताया है। यह देखते हुए सिट का गठन किया जा रहा है। यह टीम मामले की बारीकी से जांचेगी ताकि लोगों में पुलिस की कार्रवाई के प्रति कोई संदेह न रहे। उन्होंने कहा कि मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा। 
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें