पाकिस्तान ने आधी रात को भारतीय सीमा की कई चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया।
सूत्रों की मानें तो आरएस पुरा और अरनिया सेक्टर में फायरिंग की आड़ में घुसपैठ की कोशिश की गई। आतंकियों को घुसपैठ करने में कवर फायर देने के लिए पाकिस्तान ने एक के बाद एक आधा दर्जन से अधिक चौकियों को निशाना बनाया। इस साल अभी तक पाकिस्तान ने इंटरनेशनल बार्डर पर 11 बार फायरिंग की आड़ में आतंकियों को घुसपैठ करने की कोशिश में मदद की।
रविवार को आधी रात हुई फायरिंग में घुसपैठियों को मदद करने के लिए फायरिंग किए जाने की जानकारी है। अरनिया सेक्टर में ही दो महीने पहले आतंकी हमला हुआ था। कठार गांव में हुए खूनी खेल में पांच नागरिकों की मौत हो गई थी और सैन्य जवान भी शहीद हो गए थे।
इसके बाद से लगातार सीमा पर घुसपैठ होने की कोशिशें की जा रही है। सूत्रों का यह भी कहना है कि फायरिंग के बाद सीमांत इलाकों में पुलिस और बीएसएफ की ओर से सर्च ऑपरेशन और पेट्रोलिंग की गई।
आतंकियों की घुसपैठ की आशंका के बीच सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं मिला है। डीसी जम्मू अजित कुमार साहु ने बताया कि पूरे बार्डर पर अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से कहा गया है कि वह लोग अपने घरों में ही रहें।