कसबे के मुख्य चौक पर सोमवार की शाम को एक ट्रक की ब्रेक फेल हो गई। ट्रक आगे चल रही सुपरफास्ट बस से टकरा गया। हादसे में एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है।
जानकारी के अनुसार की बस (जेके02वीएफ 6171) सोमवार को कठुआ से जम्मू की ओर जा रही थी। इसके पीछे ट्रक (जेके 02 आर 1954) चल रहा था। कसबे के मुख्य चौक के पास पहुंचने पर ट्रक की ब्रेक फेल हो गई।
चालक ने बड़ा हादसा रोकने के लिए ट्रक को फुटपाथ से टकराने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान ट्रक बस से टकरा गया। इससे बस की खिड़की पर खड़े एक व्यक्ति को हलकी चोटें आई हैं। हादसे के बाद वहां जाम की स्थिति बन गई।
रविवार को भी इसी चौक पर एक ट्रक की ब्रेक फेल हो गई थी।
तब भी बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया था। गौरतलब है कि कसबे के इस मुख्य चौक पर दिन में काफी भीड़ रहती है। इस जगह आए दिन हादसे होते रहते हैं।