बठिंडी इलाके के एक व्यक्ति ने जमीन न होने के बावजूद 68 कनाल जमीन का नौ करोड़ में सौदा कर डाला। साथ ही फर्जी कागजात दिखाकर सवा करोड़ रुपये बयाना भी ले लिया। जमीन के खरीदार को जब धोखे का पता चला तो उसने छन्नी हिम्मत थाने में धोखाधड़ी की शिकायत की।
पुलिस ने बठिंडी निवासी तालिब हुसैन के खिलाफ आरपीसी की धारा 420, 419, 467, 468, 471, 406 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
छन्नी हिम्मत में नियुक्त डीएसपी (प्रोबेशन) ने बताया कि छन्नी निवासी संजय सेठी ने बठिंडी के तालिब हुसैन से वीरपुर इलाके में स्थित 68 कनाल जमीन खरीदने के लिए सौदा किया। नौ करोड़ में मामला तय हुआ।
सेठी के अनुसार उन्होंने कागजात की जांच करवाई और उसके बाद सवा करोड़ रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए। बाद में जब वे जमीन दिलाने की बात करने लगे तो तालिब हुसैन आनाकानी करने लगा। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया।
पुलिस के अनुसार अदालत के निर्देश पर उन्होंने मामले की जांच करवाई और तालिब हुसैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरंभिक जांच में पता चला है कि राजस्व विभाग के किसी कर्मचारी के साथ फर्जी कागजात तैयार किए गए। इसके आधार पर जमीन बेची गई।
फिलहाल पुलिस तालिब हुसैन की तलाश में छापामारी कर रही है। जो केस दर्ज होने की भनक लगते ही फरार हो गया है। पुलिस राजस्व विभाग का रिकॉर्ड भी खंगालेगी। आशंका जताई जा रही है कि इस मामले में और भी कई लोग फंसेंगे।