आरएस पुरा के गांव कोटली शाह दौला गुरुद्वारा साहिब ने 10वें गुरु गोविन्द सिंह के 349वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य पर गुरुद्वारे से नगर कीर्तन का आयोजन किया।
जगजीत सिंह की अध्यक्षता में आल जे एण्ड के लबाना समाज सुधार सभा की ओर से आयोजित यह नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब आरएस पुरा में संपन्न हुआ।
नगर कीर्तन बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास से निकाला गया जिसमें सिख समुदाय के सैकड़ों लोगों के अलावा अन्य समुदायों के लोगों ने भी बढ़-चढ़ कर भाग लिया।
सिख श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे आगे झाड़ू लगाकर रास्ता साफ करते चल रहे थे और नगर कीर्तन के साथ चल रहे लोग भजन कीर्तन करते हुए गुरुग्रंथ साहिब जी पर फूलों की वर्षा कर रहे थे। रास्ते में लोगों ने नगर कीर्तन में भाग ले रहे लोगों के लिए चाय, पानी आदि के स्टाल लगा रखे थे।
इसी प्रकार रायपुर गुज्जरां के गुरुद्वारा सिंह सभा से बलबीर सिंह की अध्यक्षता में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। रायपुर गुज्जरां से शुरू हुआ नगर कीर्तन गांव जिंदड़ मेलू से होता हुआ रायपुर गुज्जरां में समाप्त हुआ।
नगर कीर्तन में सैकड़ों लोग भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस अवसर पर युवक गतका खेलकर अपना हुनर दिखा रहे थे। नगर कीर्तन में जोगिन्द्र सिंह, पंच दर्शन सिंह, कंलबीर सिंह, ज्ञान सिंह आदि ने भी अपना योगदान दिया।