मूसलाधार बारिश से शुक्रवार शहर और इसके आसपास के कई इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है।
बारिश से मौसम खुशगवार होने से यहां बिजली सिस्टम पर ओवरलोड में हल्की गिरावट तो आई मगर कई बिजली स्टेशनों में पानी घुस जाने के चलते एहतियातन बिजली बंद रखनी पड़ी।
इसके अलावा तेज बारिश बिजली लाइनों और अन्य ढांचे को कई जगह नुकसान पहुंचने के चलते भी बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा। इसी तरह तवी में बाढ़ की वजह से पीएचई विभाग के सितली फिल्ट्रेशन प्लांट व अन्य प्लांटों में सिल्ट जमने की वजह से
पानी की आपूर्ति पर असर पड़ा है। आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जानीपुर बिजली स्टेशन और रेलवे बिजली स्टेशन में बारिश का पानी घुस जाने की वजह से विभाग की ओर से एहतियात के तौर पर बिजली बंद कर दी गई।
स्टेशन से पानी बाहर निकलने के बाद ही बिजली आपूर्ति को बहाल किया गया। इसके अलावा तेज बारिश से बिजली ढांचे को नुकसान की वजह से भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति गुल रही।
इसी तरह तवी में बाढ़ आने की वजह से पीएचई प्लांटों जिसमें मुख्य तौर पर सितली फिल्ट्रेशन प्लांट शामिल है में सिल्ट जमा होने की वजह से पानी को फिल्टर करने में विभाग को काफी समय लग रहा है।
इस वजह से पेयजल आपूर्ति पर असर दिखना शुरू हो गया है। बिजली विभाग के ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सुनील कुमार का कहना है कि जानीपुर बिजली स्टेशन और रेलवे स्टेशन स्थिति बिजली कार्यालय में पानी घुसने की वजह से कुछ देर के लिए बिजली को बंद करना पड़ा।
वहीं पीएचई विभाग जम्मू के चीफ इंजीनियर सुशील आइमा का कहना है कि तवी में बाढ़ की वजह से सितली व अन्य फिल्ट्रेशन प्लांटों में सिल्ट की समस्या आती रही है।