जम्मू। जम्मू यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग में आधुनिक मूट कोर्ट तैयार हो गया है। इस मूट कोर्ट का इंतजार कानून के अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को वर्षों से था। अब उन्हें आधुनिक मूट कोर्ट में बैठकर प्रैक्टिस करने की बेहतर सुविधा हासिल हो सकेगी। दूसरी ओर विश्वविद्यालय के कानून विभाग की लाइब्रेरी को भी आधुनिक तथा व्यवस्थित बनाया जा रहा है, ताकि इस सुविधा से इस सत्र में दाखिल हुए विद्यार्थियों को समुचित सुविधा प्राप्त हो सके। लाइब्रेरी में तीस हजार से ज्यादा कानूनी किताबें मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक जम्मू यूनिवर्सिटी के कानून विभाग का मूट कोर्ट अब आधुनिक रूप ले चुका है। इसमें दर्जनों अच्छी कुर्सियां लगी हुई हैं, वहीं एलसीडी स्क्रीन भी लगाई गई है, जिससे विद्यार्थियों को वकालत की प्रैक्टिस करने के वक्त जरूरी जानकारी आधुनिक तरीके से दी जा सके। विभाग की बड़ी लाइब्रेरी में 1914 से आल इंडिया रिपोर्टर मौजूद हैं, जबकि भारत के चुने हुए हाईकोर्ट के जजमेंट तथा सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के फैसले हैं। इस लाइब्रेरी में अमेेरिकन एवं ब्रिटिश रिपोर्टर मौजूद है। गाैर हो कि लॉ विभाग में पीएचडी 25 छात्र कर रहे हैं, जबकि एलएलएम 30 और एलएलबी सौ विद्यार्थी कर रहे हैं। इस संबंध में लॉ विभाग के एचओडी प्रो. कुलवंत सिंह ने बताया कि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड से करीब पंद्रह लाख की लागत से कई प्रकार के विभागीय ढांचागत विकास करवाए गए हैं।