जम्मू। स्वतंत्रता दिवस के निकट आते ही रेलवे स्टेशन और ट्रैक सुरक्षा के घेरे में आ गए हैं। जम्मू से लेकर बजालता, संगर, मनवाल, रामनगर, उधमपुर तथा माता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। नये रेलवे ट्रैक कटड़ा और उधमपुर के मध्य रेलवे सुरक्षा बल को विशेष रूप से अलर्ट रखा गया है। इसके अलावा उधमपुर से लेकर जम्मू रेलवे स्टेशनों पर हर आने वाले मुसाफिरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
एसएसपी (रेलवे) अभय कुमार महाजन का कहना है कि कटड़ा से लेकर जम्मू के मध्य हर स्टेशनों पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाई गई है। रेलवे ट्रैक के साथ साथ हर पुलों पर एवं सुरंगों के बाहर तथा अंदर सुरक्षा की अतिरिक्त तैनाती की गई है। जवानों को 24 घंटे पेट्रोलिंग पर रखा गया है। स्टेशनों के चौकी अफसरों को हिदायतें दी गई हैं, ताकि रेलवे की सुरक्षा के साथ मुसाफिरों की हिफाजत में वे सावधान तथा सतर्क रहें।
स्टेशनों पर मुख्य रूप से जीआरपी एवं आरपीएफ के अलावा आर्म्ड फोर्स भी स्टेशनों की हर गतिविधियों पर मुस्तैदी से नजर रख रही है। महिला पुलिस भी स्टेशनों पर तैनात है और उन्हें सतर्क रहने की सख्त हिदायत है। हर चौकी अफसरों को भी स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।