जम्मू। बरसात के मौसम में अब बिजली ट्रांसफार्मरों के जलने में बढ़ोतरी हो गई है। पिछले एक माह में करीब 400 ट्रांसफार्मर स्वाह हो चुके हैं। कमजोर मानसून के चलते उमस, गर्मी और ओवरलोड की वजह से ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। इस वजह से संबंधित इलाकों में दो से तीन दिन तक बिजली गुल रहने से लोगों को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं अघोषित कटौती से भी लोगों को र्कोई राहत नहीं मिल पाई है। कमजोर मानसून के चलते गर्मी और उमस के अलावा ओवरलोड से बिजली ट्रांसफार्मरों के धराशायी होने का सिलसिला जारी है। जम्मू जिले में ही करीब 8500 बिजली ट्रांसफार्मरों के माध्यम से बिजली की सप्लाई उपभोक्ताओं तक पहुंचती है। पिछले एक महीने के दौरान ही करीब 400 ट्रांसफार्मर जलने के मामले सामने आए है। इसमें प्राकृतिक आपदा की वजह से मढ़ और दोमाना क्षेत्र में बाढ़ और अन्य कारणों की वजह से जले ट्रांसफार्मर शामिल हैं। ट्रांसफार्मरों को जलने से बचाना विभाग के लिए चुनौती बन गया है। ट्रांसफार्मर जलने पर संबंधित इलाके में दो से तीन दिनों तक बिजली की आपूर्ति गुल रहने से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर सुनील कुमार का कहना है कि गर्मी से हलकी राहत मिलने से बिजली आपूर्ति में भी सुधार आया है। ट्रांसफार्मर जलने में कमी जरूर आई है।