जम्मू (ब्यूरो)। भाजपा रियासत जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने में जुटी हुई है। पहली सूची में तीस से ज्यादा उम्मीदवारों को शामिल करने पर काम हो रहा है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी हाई कमान और प्रदेश कार्यकारी कमेटी की जम्मू में हुई बैठक व नई दिल्ली में दो जुलाई को प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा और महासचिव बाली भगत की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और अन्य संगठन पदाधिकारियों से हुई बातचीत के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची को जारी करने की तैयारी चल रही है।
कई पार्टी नेताओं को अपने संबंधित विधासभा क्षेत्रों में जन संपर्क को मजबूत करने का इशारा भी मिल चुका है और अनौपचारिक रूप से बता दिया गया है कि वह पार्टी उम्मीद होंगे। बहरहाल अधिकृत तौर पर सूची को जारी किया जाएगा। पार्टी नेताओं की माने तो पहली सूची में कम से कम तीस उम्मीदवार हो इस पर काम चल रहा है। वहीं पच्चीस जुलाई के बाद भाजपा रियासत में चुनाव प्रचार को तेज करने पर भी काम कर रही है। बाइस केंद्रीय मंत्री पच्चीस जुलाई से बारी बारी जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रदेश भाजपा की ओर से शुरू की जा रही परिवर्तन यात्रा का हिस्सा बनने को अपनी रजामंदी दे चुके है। सांसद एवं प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा का कहना है कि मिशन 44 प्लस को हासिल करने के लिए भाजपा तैयारी में जुटी हुई है।