xजम्मू। राजाराम स्टेडियम रामनगर में हुई रामनगर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में सिंह क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन कर हार्ड गायस को शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के साहिल अत्री और मंजीत सिंह को संयुक्त रूप से मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। खिताबी मुकाबले में सिंह क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवर में 153 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से साहिल अत्री ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन कर 50 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेली। साहिल ने एक विकेट भी चटकाया। दूसरे छोर से विजय और सुरेंद्र ने 35-35 रन टीम के खाते में जोड़े। मंजीत ने 25 रन जुटाने के साथ तीन महत्वपूर्ण विकेट भी चटकाए। इसके जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरे हार्ड गायस के बल्लेबाज निर्धारित ओवर में 95 रन ही जुटा पाए। टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब नहीं हो सका और उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा। सिंह क्लब की ओर से विपिन ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन कर हैट्रिक अपने नाम की। विजेता टीम के विजय जम्वाल ने भी जीत में अहम भूमिका निभाई।