जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर भगवती नगर में सभी तैयारियां मुक्कमल कर दी गई हैं। इस बार यात्रियों के लिए खास इंतजाम रहेंगे। खासकर यात्रा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां मुहैया करवाने के लिए सभी तेरह हालों में एलसीडी स्थापित कर दी गई हैं। इस बीच आईजीपी जम्मू राजेश कुमार ने विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आधार शिविर में बैठक कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान आईजी सिक्योरिटी सुनील शर्मा, डीआईजी शकील बेग आदि मौजूद रहे। जम्मू आधार शिविर से आगामी 27 जून को पहला जत्था रवाना होगा। आधिकारिक तौर पर 28 जून को पहलगाम और बालटाल से पहला जत्था रवाना करना प्रस्तावित है। आईजी ने कहा कि यात्रा के लिए सभी जरूरी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। आधार शिविर में राज्य पुलिस के अलावा अर्द्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। यात्रियों और साधु संतों के ठहरने वाले स्थानों में आधार शिविर के अलावा गीता भवन, श्री राम मंदिर आदि में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसमें राज्य पुलिस के कई विंग राउंड द क्लाक सक्रिय रहेंगे। वहीं, आधार शिविर में सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। पर्यटन विभाग और अन्य दूसरी एजेंसियों की ओर से यात्रियों के लिए कई प्रबंध किए गए हैं। आधार शिविर में तेरह हालों के अलावा बाहर शेड के नीचे एक समय दो हजार यात्री ठहर सकेंगे। शहर के प्रमुख श्री राम मंदिर पुरानी मंडी में एक समय पांच हजार साधों संतों को ठहराने की व्यवस्था रहेगी। यहां हर देशभर से हजारों श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा सहित अन्य धार्मिक यात्राओं के लिए ठहरते हैं। मंदिर परिसर में दो छोटे और दो बड़े हाल के अलावा चालीस कमरे और इतने ही शौचालयों का निर्माण है। आधार शिविर भगवती नगर के बाहर यात्रियों को कतारों में आगे भेजने के लिए वेरिकेट स्थापित किए जा रहे हैं। देशभर से लंगर वालों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। आधार शिविर को सुरक्षाबलों ने अपने घेरे में ले लिया है।